लखनऊ: शादी का झांसा देकर निजी कंपनी कर्मी ने युवती का यौन शोषण किया। यही नहीं शादी से इंकार करते हुए आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की। गुरुवार को पीड़िता ने सैरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी अश्वनी सिंह को गिरफ्तार कर लिया हे। एसओ सैरपुर मनोज कुमार कोरी ने बताया कि थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता एक प्राइवेट कंपनी में काम करती हैं।

करीब चार साल पहले उसकी मुलाकात गुडंबा के फूलबाग कॉलोनी निवासी अश्वनी सिंह से हुई थी। अश्वनी ने युवती को प्रेम जाल में फंसाया। फिर शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। शादी के लिए कहने पर आरोपी बार-बार टालमटोल करने लगा। 15 अप्रैल को आरोपी ने पीड़िता को मिलने के लिए डालीगंज पुल के पास बुलाया।

वह जब वहां पहुंची तो आरोपी ने कार में बैठने के लिए कहा। पीड़िता ने इनकार किया तो आरोपी ने उसके नाम सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या करने की धमकी दी। डर के चलते पीड़िता कार में बैठ गई। अश्वनी उसे लेकर छठामील स्थित एक होटल के पास लेकर पहुंचा। वहां शादी से इंकार किया। शिकायत की बात कहने पर आरोपी ने पीड़िता को पीटते हुए धमकाया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी अश्वनी सिंह को जानकीपुरम अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

अपहृत किशोरी बरामद, रेप करने वाला गिरफ्तार

मदेयगंज पुलिस ने अपहृत किशोरी काे दिल्ली से बरामद कर लिया है। किशोरी को बहला-फुसलाकर उसका शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी माे. कामरान सदर बाजार दिल्ली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि मक्कागंज निवासी पिता ने 4 अप्रैल को बेटी के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। बरामदगी के बाद किशोरी का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ा ली है।

महिला से सामूहिक दुष्कर्म में दो भाई समेत तीन गिरफ्तार

साप्ताहिक किस्त लेने गई महिला को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दो भाइयों समेत तीन आरोपियों को आशियाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों में राम सुमिरन, अरविंद और उसका भाई सचिन हैं। तीनों आरोपी औरंगाबाद जागीर के रहने वाले हैं। सालेहनगर निवासी पीड़िता 8 फरवरी को दोपहर 2 बजे औरंगाबाद पानी की टंकी के पास रहने वाले अरविंद से साप्ताहिक किस्त 800 रुपये लेने गई थी।

अरविंद ने रुपये की व्यवस्था करने की बात कहते हुए रात 9:30 बजे आने की बात कही थी। पीड़िता अपने परिचित आबिद के साथ रुपये लेने के लिए पहुंची। इस दौरान अरविंद ने आबिद को घर के बाहर ही रोक दिया था। पीड़िता घर के अंदर गई तो देखा कि राम सुमरिन भी मौजूद था। दोनों ने कमरा बंदकर पीड़िता के साथ जबरदस्ती करना शुरू कर दिया।

विरोध पर आरोपियों ने पीड़िता के कपड़े फाड़ते हुए अश्लील हरकतें शुरू कर दी। पीड़िता ने मदद के लिए शोर मचाया तो आरोपी अरविंद का बड़ा भाई सचिन भी वहां आ गया। तीनों आरोपियों ने मिलकर पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म करते हुए मारपीट की थी। शोर सुनकर आबिद ने डॉयल-112 पर सूचना दी। पुलिस के आने से पहले आरोपी वहां से भाग गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पीड़िता का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया गया, जिसके बाद मामले में धाराएं बढ़ाई गई थी।

Tags: