Lucknow: गाजीपुर फ्लैट आग हादसा, महिला की मौत, लखनऊ में तीन घटनाएं

Update: 2026-01-12 07:34 GMT

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में बीते कुछ दिनों के भीतर आग की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। गाजीपुर थाना क्षेत्र में एक रिहायशी फ्लैट में लगी आग के दौरान एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य दो घटनाओं में दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

फ्लैट में लगी आग, महिला ने छत से कूदकर गंवाई जान

आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को सुबह करीब 07:09 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि रोहतास अपार्टमेंट, रविन्द्रपल्ली, नीलगिरी चौराहा, अयोध्या रोड स्थित फ्लैट संख्या 73 और 74 में आग लग गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गाजीपुर, चौकी प्रभारी HAL और रात्रि अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर जांच में सामने आया कि फ्लैट संख्या 74 में रहने वाले सैय्यद मोहम्मद अम्मार रिजवी के आवास में आग लगी थी। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। आग के भय से उनकी पत्नी निदा रिजवी (45 वर्ष) छत से कूद गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना में सैय्यद मोहम्मद अम्मार रिजवी (50 वर्ष) भी झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पुत्री जारा रिजवी (20 वर्ष) को फायर ब्रिगेड की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल स्थिति सामान्य है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

HIIMS अस्पताल परिसर में आग, कोई जनहानि नहीं

आज सुबह तड़के 00:12 बजे अग्निशमन केंद्र बक्शी का तालाब को सूचना मिली कि सेवा अस्पताल के पीछे स्थित HIIMS अस्पताल परिसर में आग लगी है। सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी लखनऊ के निर्देशन में अग्निशमन केंद्र बीकेटी, इंदिरानगर और चौक से दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।घटनास्थल पर देखा गया कि अस्पताल के किनारे बने अस्थाई ढांचे/झोपड़ियों और पास स्थित समियाना टेंट हाउस में आग लगी थी, जो तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों के अथक प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया और उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सरोजनी नगर: बंथरा बाजार में दुकान में लगी आग

09 जनवरी को शाम 16:46 बजे फायर स्टेशन सरोजनी नगर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि उनमेद खेड़ा रोड, बंथरा बाजार स्थित एक दुकान में आग लग गई है। सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में सरोजनी नगर से दो और आलमबाग से एक फायर टेंडर मौके पर रवाना किए गए।दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का कार्य शुरू किया और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दुकान राजीव गुप्ता पुत्र उमेश गुप्ता की हार्डवेयर दुकान बताई गई है। दुकान के ऑफिस बेसमेंट में काम कर रही आमरीन (28 वर्ष) को स्थानीय लोगों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई।

Tags:    

Similar News