Lucknow लखनऊ : राजधानी लखनऊ में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर साइबर जालसाजों ने गोमतीनगर के विवेकखंड निवासी विशाल कुमार से 11.62 लाख रुपये ठग लिए।
उन्होंने शनिवार को साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विशाल के मुताबिक, 20 मई को उनको एक अनजान नंबर से मैसेज आया। इसमें शेयर मार्केट में निवेश करने पर मोटा मुनाफा दिलाने की बात कही गई। इस पर उन्होंने विश्वास कर लिया और कुछ रुपये निवेश किए। निवेश के बाद साइबर जालसाजों ने उनको मुनाफा होने की बात बताई।
इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा गया। ग्रुप में मौजूद प्रिया नाम की युवती ने विशाल को और रुपये निवेश करने के लिए कहा। उसने बताया कि अधिक रुपये निवेश करने पर ज्यादा मुनाफा होगा। इस पर विशाल और रुपये निवेश करने के लिए राजी हो गए। उन्होंने जालसाजों के बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में 11 बार में 11.62 रुपये निवेश कर दिए।
इसके बाद न तो उनको कोई मुनाफा मिला और न ही निवेश की गई रकम वापस हुई। उन्होंने जालसाजों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बाद में पता कि उनके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है। एसीपी साइबर क्राइम अभिनव यादव ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। ठगी की रकम जिन खातों में ट्रांसफर की गई है, उन खातों को फ्रीज कराने के लिए बैंक से संपर्क किया जा रहा है।