Lucknow: हजरतगंज में ईद की नमाज़ अदा, हजारों लोग शामिल

Update: 2026-03-21 08:12 GMT

लखनऊराजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित शाही मस्जिद में ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज़ अदा की। सुबह से ही मस्जिद परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा इलाका इबादत और भाईचारे के माहौल में सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आजाद भी शाही मस्जिद पहुंचे और नमाज़ अदा की। नमाज़ के बाद उन्होंने प्रदेश व देशवासियों को ईद की मुबारकबाद देते हुए अमन-चैन और भाईचारे की कामना की।

नमाज़ के दौरान मस्जिद परिसर “अल्लाह-ओ-अकबर” की सदाओं से गूंज उठा। नमाजियों ने देश की तरक्की, शांति और आपसी सौहार्द के लिए दुआएं मांगी। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी।

सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मस्जिद परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से भी निगरानी रखी गई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

इस तरह हजरतगंज की शाही मस्जिद में ईद की नमाज़ सौहार्द, शांति और उत्साह के साथ अदा की गई, जिसने सामाजिक एकता का संदेश दिया।

Tags:    

Similar News