Lucknow: संविदाकर्मियों ने फर्जी खातों के जरिये उड़ाए 70 लाख

"पासबुक भी निकली नकली"

Update: 2025-05-12 13:29 GMT

लखनऊ: लखनऊ के एलडीए कॉलोनी स्थित डाकघर में तैनात दो पूर्व संविदाकर्मियों पर 70 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। सहायक अधीक्षक पश्चिमी उपमंडल हरिहर नाथ मणि त्रिपाठी की तहरीर पर कृष्णानगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी दीपू यादव और विपिन कुमार ने डाकघर में तैनाती के दौरान मनमाने तरीके से कई फर्जी खाते खोले और उनमें उपभोक्ताओं की रकम ट्रांसफर कर हड़प ली।

जाली पासबुक देकर किया गुमराह

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने जिन ग्राहकों से पैसे और दस्तावेज लिए थे, उनके नाम से खाते न खोलकर फर्जी नामों से खाते खोले। बाद में ग्राहकों को नकली पासबुक जारी की गई, जो डाक विभाग की असली पासबुक नहीं थी। ग्राहकों की जमा रकम सरकारी रिकॉर्ड में भी दर्ज नहीं थी।

खाते बंद कर रकम ट्रांसफर

इंस्पेक्टर कृष्णानगर के अनुसार आरोपियों ने मेच्योरिटी से पहले ही कई ग्राहकों के खाते बंद कर दिए और दस्तावेजों का फायदा उठाते हुए रकम यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में विपिन के निजी खाते में ट्रांसफर कर दी। प्रभावित ग्राहकों में अंजली वर्मा, राजकुमार, अनीता गौतम, मंजू शर्मा, सुनीता यादव और अन्य शामिल हैं।

फरवरी में दोनों संविदाकर्मियों को बर्खास्त किया गया था। उनके हटने के बाद ही गड़बड़ी उजागर हुई। फिलहाल मामले की जांच पुलिस और डाक विभाग कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News