Lucknow: बीफार्मा चतुर्थ वर्ष के छात्रों ने फार्मास्युटिकल्स का किया शैक्षिक भ्रमण
लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के बीफार्मा चतुर्थ वर्ष के छात्रों ने शुक्रवार को सैन्थो फार्मास्युटिकल्स का शैक्षिक भ्रमण किया। यह कंपनी एक जीएमपी(गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस) और डब्ल्यूएचओ (विश्व स्वास्थ्य संगठन) द्वारा अनुमोदित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने आई ड्रॉप्स और आई ऑइंटमेंट्स की उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण और औषधि निर्माण के विभिन्न तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को औद्योगिक प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव देना और उनकी व्यावसायिक समझ को सुदृढ़ करना था।
कंपनी की प्रबंध निदेशक एकता अग्रवाल ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें भविष्य में प्लेसमेंट के अवसरों के लिए प्रेरित किया। संस्थान के निदेशक प्रो. पुष्पेंद्र कुमार त्रिपाठी भ्रमण के दौरान उपस्थित रहे और उन्होंने कंपनी की प्रबंध समिति को इस अवसर के लिए धन्यवाद दिया। इस शैक्षिक भ्रमण का नेतृत्व डॉ. लुबना आजमी (सहायक आचार्य) ने किया। उनके साथ डॉ. सुनील कुमार (सहायक आचार्य) भी उपस्थित रहे।