Lucknow: जल, सीवर और टैक्स से जुड़ी 109 समस्याएं हल

Update: 2025-08-04 07:37 GMT

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस (Total Solution Day) का आयोजन शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय, लालबाग स्थित त्रिलोकनाथ सभागार में किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस विशेष शिविर में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के नेतृत्व में कुल 109 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

सबसे अधिक शिकायतें कर विभाग से संबंधित रहीं। कुल 92 प्रकरणों को मौके पर निस्तारित किया गया, जबकि जलकल विभाग से जुड़ी सीवर और जलापूर्ति की 17 समस्याओं को भी त्वरित संज्ञान में लेते हुए हल किया गया। सफाई, अतिक्रमण और अभियंत्रण विभाग की कुछ अन्य शिकायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाया गया।

जोनवार प्राप्त कर प्रकरणों में जोन-1 से सबसे अधिक 28 कर संबंधित शिकायतें सामने आईं, जबकि अन्य जोनों से भी नागरिकों ने विभिन्न प्रकार की समस्याएँ प्रस्तुत कीं। प्रमुख कर मामलों में GIS (जियो इंफॉर्मेशन सिस्टम) के तहत संपत्ति कर मूल्यों में संशोधन कर राहत दी गई। प्रमुख उदाहरणों में मानस नगर निवासी राम सजीवन पाल का कर मूल्य ₹36,720 से घटाकर ₹16,200 कर दिया गया, वहीं न्यू पारा कॉलोनी के श्री संजय कुमार द्विवेदी का कर ₹26,856 से घटाकर ₹13,680 निर्धारित किया गया। अन्य मामलों में भी इस प्रकार की कर राहत दी गई, जिससे नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया।

समाधान दिवस में नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ-साथ अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, विनय कुमार राय तथा सभी जोनों के ज़ोनल अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर आयुक्त ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह के समाधान दिवस नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Tags:    

Similar News