गाजियाबाद: लोनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम नगर कॉलोनी में एक महिला की उसके कथित प्रेमी ने गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि महिला ने अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ जाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर आरोपी प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, लोनी की प्रेम नगर कॉलोनी में रहने वाले निसार सिलाई का काम करते हैं। वह अपनी पत्नी रिजवाना (31), बेटे और बेटी के साथ मकान के प्रथम तल पर रहते थे। इसी मकान की दूसरी मंजिल पर फैजान उर्फ बहरा नाम का युवक अपने परिवार के साथ रहता था। आरोप है कि फैजान और रिजवाना के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध थे।
निसार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फैजान अक्सर उनके घर आता-जाता था। जब पड़ोसियों और बच्चों ने इस बारे में जानकारी दी तो उन्होंने फैजान को घर आने से मना कर दिया था। इसके बाद कुछ दिन पहले फैजान ने मकान खाली कर दिया था। आरोप है कि मकान छोड़ते समय फैजान ने निसार को धमकी दी थी कि अगर रिजवाना उसकी नहीं हुई तो वह उसे किसी और की भी नहीं रहने देगा।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर निसार अपने एक रिश्तेदार की मौत की सूचना मिलने पर इकराम नगर कॉलोनी गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर उन्हें तुरंत घर आने के लिए कहा। जब निसार घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी रिजवाना कमरे में फर्श पर बेसुध हालत में पड़ी हुई थी। उसके गले में चुन्नी लिपटी हुई थी।
परिजन आनन-फानन में रिजवाना को इलाज के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
निसार के मुताबिक, उनके बच्चों ने घटना के बारे में बताया कि फैजान घर आया था और उनकी मां से बातचीत कर रहा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी विवाद के बाद फैजान ने चुन्नी से रिजवाना का गला दबा दिया। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बच्चों के बयान और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी फैजान के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है।
लोनी के एसीपी राम किशन ने बताया कि पति की शिकायत के आधार पर आरोपी फैजान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग भी मिला है। बताया जा रहा है कि घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपी वारदात के बाद तेज कदमों से जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पति और बच्चों के साथ रह रही महिला की इस तरह हत्या से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो पाएगा।