लोनी: बॉर्डर थाना क्षेत्र के गीतांजलि विहार कॉलोनी में रहने वाले मनोज गुप्ता ने प्लॉट के नाम पर 4.50 लाख रुपये ठगने का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बहन गीता गुप्ता को प्लॉट दिलाने के लिए लक्ष्मी गार्डन कालोनी निवासी रेनू से संपर्क किया था। जिस पर रेनू ने अपने घर के पास खाली प्लाट को अपना बताया और बेचने की बात कही। उन्होंने 4.50 लाख रुपये रेनू को दिए। प्लाट का भराव कराने के दौरान पता चला कि प्लाट महिला के भाई व बहन का है।
महिला ने बताया कि बहन की शादी तय है, जिसके बाद वह प्लाट का कब्जा उन्हें दे देगी। आरोप है कि कुछ समय बाद दोबारा प्लाट का कब्जा मांगने की बात पर महिला ने प्लाट व पैसे देने से मना कर दिया। एसीपी अंकुर विहार अजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।