Lakhimpur: व्यापारी के नौकर से 50 हजार की लूट करने वाले दो किशोर गिरफ्तार

Update: 2025-08-03 08:23 GMT

लखीमपुर खीरी: शहर के जीआईसी मैदान के पास व्यापारी के नौकर से हुई 50 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई रकम और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, शहर के मोहल्ला नई बस्ती में रोडवेज बस अड्डे के पास अमन की टायर की दुकान है। दुकान पर बहादुरनगर निवासी गौरव सिंह काम करता है। शुक्रवार को दुकान मालिक सैयद अली आसिफ ने गौरव को 50 हजार रुपये बैंक में जमा करने के लिए दिए थे। गौरव यह रकम लेकर विकास भवन स्थित बैंक जा रहा था।

रास्ते में जीआईसी मैदान के गेट के पास दो किशोरों ने उसे रोक लिया और जबरन 50 हजार रुपये नकद और उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी गौरव ने तुरंत अपने मालिक को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने तुरंत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दोनों किशोरों की पहचान हो गई। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से 49,400 रुपये और पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमंत राय ने बताया कि दोनों आरोपी नाबालिग हैं और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News