मैगलगंज: मैगलगंज कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती खकरा में चोरों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। शनिवार रात एक घर में घुसे चोरों ने सेफ तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर चुरा लिए। खास बात यह है कि इस वारदात को बीते 24 घंटे में इसी मोहल्ले में दूसरी बड़ी चोरी के रूप में अंजाम दिया गया, जिससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पीड़ित सोनू पुत्र मुमताज ने बताया कि बकरीद के मौके पर उनकी पत्नी ने सभी जेवर पहन रखे थे। त्योहार खत्म होने के बाद शाम को उन्होंने जेवर उतारकर सेफ में रख दिए। रात को चोर घर में घुसे और सेफ तोड़कर एक जोड़ी झुमकी, पायल और सोने की अंगूठी समेत अन्य कीमती जेवर लेकर फरार हो गए।

रात करीब एक बजे सोनू को कुछ आहट सुनाई दी, जिससे उनकी नींद खुल गई। जब वह उठे तो चोर मौके से भाग निकले। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना तो किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

महज एक दिन पहले इसी मोहल्ले में दो सगे भाइयों समेत तीन घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिसमें 90 हजार रुपये नकद और छह लाख रुपये से अधिक के जेवर चोरी हुए थे। पुलिस ने उन घटनाओं की भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।

चोरी की बढ़ती घटनाओं और पुलिस की निष्क्रियता से मोहल्ले के लोग डरे और नाराज हैं। एक हफ्ते के भीतर इलाके में पांचवीं बार चोरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक किसी भी मामले में पुलिस कोई गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। इससे चोरों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।

Tags: