लखीमपुर खीरी: धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के युवक की उत्तराखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक मजदूरी करने के लिए रुड़की गया था, जहां विवाद के दौरान हुई मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भाई उसका शव लेकर गांव पहुंचा, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मजदूरी के लिए रुड़की गया था युवक

नामदारपुरवा गांव निवासी रबी (25) पुत्र बंशी लाल अपने भाई रामकिशोर के साथ 15 दिन पहले उत्तराखंड के रुड़की में मजदूरी करने गया था। रामकिशोर के मुताबिक, बुधवार को काम से लौटने के दौरान रबी का वहां के एक व्यक्ति से विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में रबी को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे रुड़की के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गंभीर हालत में रेफर, रास्ते में तोड़ा दम

अस्पताल में रबी की हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। रामकिशोर उसे एंबुलेंस से लखीमपुर ला रहा था, लेकिन रास्ते में ही रबी की मौत हो गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही धौरहरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के भाई की सूचना पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।

Tags: