Lakhimpur Kheri: टोल कर्मियों की बहादुरी से बची जानें, जलती कार से निकाले गए महिला और बच्चा
"खड़ी का"र में लगी आग"
लखीमपुर खीरी: लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा के पास गुरुवार देर शाम एक खड़ी कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि टोल प्लाजा के सतर्क कर्मचारियों ने समय रहते कार में फंसी तीन महिलाओं और एक मासूम बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के वक्त कार टोल प्लाजा के पास खड़ी थी। कार मालिक जीशान, जो कस्बा जेबीगंज का निवासी है, पास बनवाने के लिए एडमिन बिल्डिंग गया हुआ था। उसी दौरान कार में आग लग गई। कार में जीशान का परिवार – तीन महिलाएं और एक बच्चा – मौजूद थे।
आग की लपटें देख टोल कर्मी तुरंत हरकत में आए और जान की परवाह किए बिना कार के पास पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में पूरी कार जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।