लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी में होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली और मिलावटी मावा की बिक्री रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया है। रविवार को सात सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

त्योहारी सीजन में सख्ती बढ़ी

अभिहित अधिकारी बृजेंद्र शर्मा ने बताया कि डीएम के निर्देश पर पिछले सात दिनों से लगातार छापेमारी की जा रही है ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। रविवार को मोहम्मदी कस्बे, उचौलिया, शंकरपुर मोहम्मदी, पतरासी और रामापुर से मावा, बर्फी, कुंदा मिठाई, क्रीम और देसी घी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

अब तक 35 सैंपल भेजे गए, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

अब तक 35 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। यदि रिपोर्ट में मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम आशीष मौर्य, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, नत्थू कुशवाहा, अरविंद सिंह, राम बाबू, इंद्रराज मौर्य और रामजी शुक्ल मौजूद रहे।

Tags: