Lakhimpur: दुधवा की सुपरस्टार हथिनियां फिर मिशन पर, बाघ की खोज में जुटीं
लखीमपुर खीरी: संपूर्णानगर वन रेंज के गांवों और खेतों में दिखाई दे रहे बाघ को पकड़ने और जंगल में वापस भेजने के लिए वन विभाग ने दुधवा नेशनल पार्क से दो प्रशिक्षित हथिनियों—रामकली और चंद्रकला—की मदद ली है। ये दोनों हथिनियां वन रेंज कार्यालय पहुंच चुकी हैं और अभियान की शुरुआत कर दी गई है।
बाघ की मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। बीते तीन दिनों में बाघ ने एक महिला को मौत के घाट उतार दिया, जबकि कई पालतू पशु भी उसका शिकार बन चुके हैं। स्थानीय ग्रामीण और किसान बेहद भयभीत हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
बाघ को पकड़ने के लिए दुधवा से बुलाई गईं रामकली और चंद्रकला पहले भी इस तरह के अभियानों में अहम भूमिका निभा चुकी हैं। संपूर्णानगर के वन क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि बाघ की मूवमेंट पर नजर रखने के लिए टीमें सक्रिय हैं और हथिनियों की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है। वन विभाग की कोशिश है कि बाघ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ दिया जाए, ताकि इंसानी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।