लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में लगातार हो रही बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई। नीमगांव क्षेत्र के रहमतपुर गांव में शनिवार तड़के बारिश से कमजोर हुई कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के पास एक ही चारपाई पर सो रहे पति-पत्नी और उनके आठ वर्षीय बेटे की मलबे में दबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।

मृतकों की पहचान रहमतपुर निवासी मोहन कश्यप (50), उनकी पत्नी कविता कश्यप (45) और आठ वर्षीय बेटे नानू कश्यप के रूप में हुई है। तीनों रात में घर के अंदर एक ही चारपाई पर सो रहे थे। लगातार बारिश होने के कारण मकान की कच्ची दीवार कमजोर हो चुकी थी। तड़के अचानक दीवार चारपाई के ऊपर गिर गई और तीनों भारी मलबे के नीचे दब गए।
सुबह ग्रामीणों को हुई घटना की जानकारी
घटना का पता सुबह चला। जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने की कोशिश शुरू की। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सब्बन ने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को हादसे की सूचना दी। इसके बाद क्षेत्रीय लेखपाल अनुज वर्मा और सिकंदराबाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पति-पत्नी और बच्चे की मौत हो चुकी थी।
एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही रहमतपुर गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवार के तीन लोगों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
लखीमपुर खीरी में लगातार बारिश के कारण हालात पहले से ही चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। भारी बारिश, जलभराव और अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को जिले में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश भी घोषित किया है।
कच्चे मकानों को लेकर बढ़ी चिंता
लगातार बारिश के बीच कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मिट्टी की दीवारें लंबे समय तक पानी और नमी के संपर्क में रहने से कमजोर हो सकती हैं। रहमतपुर में भी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर हुई और अचानक ढह गई। फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग की टीम घटना से संबंधित जानकारी जुटा रही है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।
Tags: