उत्तर प्रदेश: कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड IAS अधिकारी के बेटे देवाशीष निगम पर अपनी गर्लफ्रेंड पर जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि शादी से इनकार करने को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने महिला को सड़क पर बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार शाम की है जब देवाशीष अपनी कार से IIT कानपुर पहुंचा और वहां कार्यरत महिला को फोन कर बाहर बुलाया। दोनों कार से ब्रह्मघाट की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में शादी को लेकर बहस शुरू हो गई। यह विवाद मॉडल डेयरी के पास सर्विस लेन पर हिंसक झगड़े में बदल गया।
आरोप है कि पहले आरोपी ने महिला को थप्पड़ मारे और फिर कार का शीशा तोड़कर उसे बाहर खींच लिया। इसके बाद सड़क पर गिराकर उसके सिर, चेहरे और शरीर पर ईंट से कई वार किए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पकड़ में आने के बाद भी रौब दिखाते हुए खुद को रिटायर्ड IAS की संतान बताया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। घायल महिला IIT कानपुर में कार्यरत है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे पहले रामा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसे हैलेट अस्पताल रेफर किया गया।
पीड़िता के परिवार का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से शादी का दबाव बना रहा था और इनकार करने पर लगातार धमकी देता था। महिला पहले से विधवा है और उसकी एक बेटी भी है, जबकि आरोपी भी शादीशुदा बताया जा रहा है और अपनी पत्नी से अलग रह रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।