कासगंज: जनपद के गंजडुंडवारा कस्बे में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बाजार करने आए एक व्यक्ति की सड़क किनारे अचानक मौत हो गई। यह घटना अमीर खुसरो स्कूल के पास की बताई जा रही है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव अख्तऊ मंगदपुर निवासी 50 वर्षीय गंगाराम पुत्र ख्याली साइकिल से बाजार करने कस्बा आए थे। जब वह अमीर खुसरो स्कूल के पास पहुंचे तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने साइकिल रोकी और सड़क किनारे खड़े हो गए, लेकिन कुछ ही पलों में वह जमीन पर गिर पड़े।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाने और होश में लाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

उधर, जब गंगाराम के परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि गंगाराम पूरी तरह स्वस्थ थे और रोज की तरह ही बाजार करने निकले थे।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण हृदयगति रुकना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags: