कानपुर: गुजैनी थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में चार वर्षीय एलकेजी छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी म्यूजिक टीचर के खिलाफ 144 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है।

28 गवाहों और अहम सबूतों के साथ चार्जशीट पेश

चार्जशीट में 28 गवाहों के बयान, स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज, कक्षा और अन्य स्थानों की रिकॉर्डिंग, आया, शिक्षकों और कर्मचारियों के बयान को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।

बच्ची ने मां से दर्द की शिकायत कर खोला राज

नौबस्ता निवासी एक कारोबारी की चार वर्षीय बेटी बर्रा-8 स्थित निजी स्कूल में एलकेजी की छात्रा है। 26 जनवरी को बच्ची ने अपनी मां से पेट दर्द की शिकायत की। जब उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया तो उसने डॉक्टर के पूछने पर खुलासा किया कि म्यूजिक टीचर बाथरूम में उसके साथ गलत हरकत करता था।

मामला दर्ज होते ही आरोपी गिरफ्तार

बच्ची की आपबीती सुनने के बाद परिजनों ने 29 जनवरी को गुजैनी थाने में शिक्षक अनुपम पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अगले ही दिन आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Tags: