कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में बीते शुक्रवार को स्वरूप नगर थाना क्षेत्र के जेके कैंसर अस्पताल परिसर में मिले बुजुर्ग किसान की हत्या का खुलासा पुलिस ने मंगलवार को कर दिया है। बुजुर्ग के दामाद ने छह लाख रुपये की सुपारी देकर अपने ससुर की हत्या अपनी आंखों के सामने करवाई थी। इसके बाद अपनी पत्नी की भी हत्या करवाना चाहता था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी सेंट्रल एसके सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मूलरूप से औरैया बहादुरपुर सहार के रहने वाले राजकुमार सिंह राजावत (55) किसान थे। उनकी पत्नी अनीता देवी का कानपुर के रावतपुर स्थित मुरारीलाल चेस्ट हॉस्पिटल में करीब एक महीने से इलाज चल रहा था। शुक्रवार रात वह खाना खाकर हॉस्पिटल के बाहर टहलने गए थे। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने रिश्तेदारों को फोन कर इसकी जानकारी दी। फिर अगली सुबह स्वरूप नगर थाने में बुजुर्ग की गुमशुदा की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रविवार को पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि जेके कैंसर अस्पताल परिसर में एक बुजुर्ग की चाकू से गोदकर कर हत्या कर दी गई है।
परिजनों ने मृतक की शिनाख्त की। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र कर लिया। पुलिस ने सर्विलांस और करीब 300 सीसीटीवी कैमरों को खंगाले, जिसमें बुजुर्ग बाइक सवार दो युवकों के साथ जाते हुए दिखाई दिए। पूछताछ के दौरान पुलिस को मृतक के दामाद मोहित पर शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि उसने छह लाख रुपये देकर अपनी आँखों के सामने ससुर की हत्या करवाई थी।
औरैया के बिधूना रतनपुर बंथरा का रहने वाले दामाद मोहित सिंह ने बताया कि करीब 11 साल पहले उसकी शादी राजकुमार की बेटी नम्रता से हुई थी। उसका अभी भी किसी और से अफेयर चल रहा है। जिसकी शिकायत उसने अपने ससुर से भी की थी, लेकिन बेटी को समझाने की बजाए मुझे ही जेल भेजने की धमकी दे रहे थे। इसी बात से आहत होकर उसने बिधूना के रहने वाले प्रिंस दुबे और ऋषभ को छह लाख रुपये की सुपारी देकर अपने ससुर हत्या करवाई थी।
पुलिस उपायुक्त मध्य श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि, इस हत्या का खुलासा करने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत लगवाए गए करीब 300 सीसीटीवी कैमरों और क्राइम ब्रांच की सहायता से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दोनों हत्यारे अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।