Kanpur : हीट स्ट्रोक से 20 लोगों की मौत, अलग-अलग थानाक्षेत्रों में मिले शव

Update: 2024-06-18 10:55 GMT
 Kanpurकानपुर । सोमवार को कानपुर कमिश्नरेट के अलग-अलग थानाक्षेत्रों में 20 लोगों की लू और हीट स्ट्रोक से जान चली गई। कुछ ज्ञात हैं तो कई अज्ञात शव भी सड़कों पर पड़े पाए गए। सेंट्रल स्टेशन पर भी दो शव पड़े मिले।
चकेरी थानाक्षेत्र के श्याम नगर बाईपास पर सड़क किनारे सिल्वर अपार्टमेंट के सिक्योरिटी गार्ड का शव पड़ा मिला। फतेहपुर के डब्सोरा निवासी 68 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड राम सिंह श्याम नगर के छप्पन भोग के पास परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी शशिवाला व दो बच्चे है। रविवार सुबह वह ड्यूटी पर गये थे।
देर रात तक जब वह घर वापस नहीं आए तो परिजन अपार्टमेंट पहुंचे जहां से पता चला कि वह आठ बजे ड्यूटी खत्म करके जा चुके हैं। रात भर कुछ भी पता नहीं चला। सोमवार तड़के वह श्याम नगर बाईपास पर सड़क किनारे पड़े मिले। उनकी मौत हो चुकी थी। चकेरी प्रभारी निरीक्षक अशोक दुबे ने बताया कि गर्मी के चलते मौत की आशंका है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
इसी प्रकार जाजमऊ थानाक्षेत्र में टेनरी कर्मी की मौत हो गई। मूलरूप से बिहार के अड़रिया जिले के निवासी मोहम्मद मुजाहिद का 24 वर्षीय बेटा अब्दुल दो माह पहले जाजमऊ के संजय नगर स्थित एमएमजेड टेनरी में काम करने के लिए आया था। साथी कर्मियों ने बताया कि सोमवार को बकरीद के त्योहार के चलते वह साथियों के साथ घूमने गया था। दोपहर को वह लौटकर जैसे ही टेनरी के गेट पर पहुंचा वैसे ही वह गश खाकर गिर गया।
हैलट अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि उसने शराब पी रखी थी। आशंका है कि तेज धूप और हीटस्ट्रोक से उसकी मौत हुई है। वहीं सचेंडी थानाक्षेत्र में चकरपुर मंडी में सोमवार दोपहर फेरी लगाकर नमकीन बेचने वाले 55 वर्षीय गिरजा शंकर पांडेय की मौत हो गई। सोमवार दोपहर में फेरी लगाते हुए मंडी में रोड नंबर 6 पर स्थित एक आढ़त के बाहर पड़े तख्त पर बैठ गए और थोड़ी देर में वहीं उनकी मौत हो गई।
सचेंडी थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि गर्मी से मौत की आशंका लग रही है। इसी तरह रावतपुर थानाक्षेत्र में हलवाई का काम करने वाले 54 वर्षीय सुनील वर्मा उर्फ भाटिया का दो दिन पुराना शव घर पर चारपाई पर पड़ा मिला। रावतपुर थाना प्रभारी अशोक सरोज ने बताया कि गर्मी से मौत की आशंका है। रावतपुर थानाक्षेत्र में नमक फैक्ट्री स्थित ऐश्वर्या अपार्टमेंट शराब ठेके के पास सड़क पर 55 वर्षीय वृद्ध मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में जंगली देवी मंदिर के पास 50 वर्षीय अज्ञात अधेड़ का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने हीट स्ट्रोक के कारण मौत की आशंका जताई है। वहीं गोविंद नगर थानाक्षेत्र में शास्त्री नगर के रहने वाले 42 वर्षीय अरविंद विश्वकर्मा साइकिल चलाते-चलाते गिर गए। उन्हें हैलट अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वह लोहे की ग्रिल का काम करते थे।
अनवरगंज थानाक्षेत्र के बांसमंडी में 43 वर्षीय विष्णुकांत तिवारी सिक्योरिटी गार्ड थे। भाई विकास तिवारी ने बताया कि किराये के कमरे में वह मृत मिले। पुलिस ने गर्मी से मौत की आशंका जाहिर की। इसी प्रकार नौतनवा महराजगंज निवासी 46 वर्षीय रवि त्रिपाठी गोरखपुर धाम एक्सप्रेस से दिल्ली से लौट रहे थे। तभी सेंट्रल से पहले उन्हें भीषण गर्मी लगी। सेंट्रल आने पर वह उतर गए और जाकर विश्राम गृह में बैठ गए। वहीं उन्होंने दम तोड़ दिया। भाई अनिल ने बताया कि जीआरपी ने सूचना दी।
इसी प्रकार हरबंश मोहाल थानाक्षेत्र में 25 वर्षीय युवक का शव पश्चिम वाली गली में पड़ा मिला। रॉयल विला होटल के मालिक शैलेंद्र कुमार साहू निवासी सुतरखाना ने पुलिस को सूचना दी। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस गर्मी से मौत का कारण मान रही है। वहीं गुजैनी थानाक्षेत्र के तात्याटोपे नगर में छत्तीरतन सोसाइटी में 64 वर्षीय बुजुर्ग गार्ड धर्मपाल की मौत हो गई। आशंका है कि हीट स्ट्रोक से जान गई है।
घाटमपुर थानाक्षेत्र में तीन की मौत
घाटमपुर थानाक्षेत्र में एक व्यापारी की लू से मौत हो गई। 60 वर्षीय राजेश कुमार शुक्ल निवासी सरोजनी नगर फजलगंज में टायर, क्लच प्लेट के थोक व फुटकर व्यापारी थे। सोमवार को वसूली करने घाटमपुर बाजार गए थे। घाटमपुर चौराहे पर वह गश खाकर गिर गए। पुलिस ने सीएचसी घाटमपुर पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी से मौत की आशंका है।
घाटमपुर के भदरस गांव निवासी 40 वर्षीय कल्लू बाजपेई बकरियां चराने खेत में गया था। देर शाम घर लौटा तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन सीएचसी घाटमपुर ले गए जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घाटमपुर के वीरपुर गांव के पास एक व्यक्ति सीमेंट फैक्ट्री के पास मृत मिला। उसकी पहचान जनपद बांदा के जसपुरा निवासी 40 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई।
शिवराजपुर में एक की जान गई
शिवराजपुर थानाक्षेत्र में भैसऊ गांव निवासी 80 वर्षीय दुलरा अपने खेतों पर काम करने के लिए गई थीं। वह अपने खेतों पर पहुंची ही थीं कि अचानक वह चक्कर आने पर अचेत हो गईं। परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
भीतरगांव में चार बुजुर्गों की मौत
भीतरगांव निवासी 76 वर्षीय राजाराम, पालपुर निवासी 74 वर्षीय रामचरण यादव और 65 वर्षीय श्रीराम यादव की भी लू लगने से मौत हो गई। ग्राम पंचायत इटर्रा के मजरा कल्याणपुर निवासी 75 वर्षीय छेदालाल गांव से बाहर जानवरों को देखने गए थे। घर आते वक्त अचानक उलझन होने लगी और चक्कर आने लगे। परिजन घाटमपुर सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
स्टेशन पर दो की मौत
प्लेटफार्म 8 व 9 पर 40 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। जीआरपी ने शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। वहीं प्लेटफार्म 4 व 5 पर 55 वर्षीय महिला का शव पड़ा मिला। उसकी भी पहचान नहीं हो सकी। जीआरपी ने आशंका जताई है कि हीटस्ट्रोक के कारण मौत हुई है।
Tags:    

Similar News

-->