Kannauj: पुलिस ने फरार कैदियों की पहचान पर रखा इनाम

Update: 2026-01-09 08:36 GMT

कन्नौज: जिला कारागार अनौगी से फरार हुए दोनों विचाराधीन बंदियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक कन्नौज ने जिला जेल से भागे दोनों कैदियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

इन कैदियों पर घोषित हुआ इनाम

एसपी के अनुसार जिन बंदियों पर इनाम घोषित किया गया है, उनका विवरण इस प्रकार है—

अंकित (उम्र 22 वर्ष), पुत्र प्रेमचंद, निवासी हजीरापुर, थाना तालग्राम, जनपद कन्नौज,

डंपी उर्फ सेवा (उम्र 22 वर्ष), पुत्र भजनलाल, निवासी मलगवा, थाना ठठिया, जनपद कन्नौज

दोनों ही बंदी विचाराधीन थे और जिला कारागार में निरुद्ध थे।

चार टीमें कर रहीं तलाश

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि दोनों फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बताया गया कि विगत रविवार की रात जिला कारागार कन्नौज अनौगी में बंद दोनों कैदियों ने जेल में बिछाने वाली चादर को रस्सीनुमा बनाकर दीवार में लगे एंगल में फंसाया और उसी के सहारे दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना के बाद से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

जेल सुरक्षा पर भी उठे सवाल

इस घटना के बाद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और जेल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।

एसपी ने कहा है कि फरार बंदियों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और आमजन से भी अपील की गई है कि यदि दोनों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Tags:    

Similar News