Jhansi: लक्ष्मी गेट मोहल्ले में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया
"पूर्व मंत्री की बहू संगीता की लाश बेड पर मिली"
झाँसी: कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मी गेट मोहल्ले में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका संगीता अहिरवार, जो पूर्व मंत्री रतन लाल अहिरवार के भाई की बहू थी, की हत्या उसके ही बॉयफ्रेंड ने कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के वक्त महिला का पति भी मौके पर मौजूद था। बताया जा रहा है कि संगीता ने अपने पति रविंद्र अहिरवार और बॉयफ्रेंड रोहित वाल्मीकि के साथ शराब पार्टी की थी। इसी दौरान जबरदस्ती करने के प्रयास में रोहित ने गला दबाकर संगीता की हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की पूरी कहानी
घटना गुरुवार रात की है। संगीता अहिरवार अपने पति रविंद्र और तीन बच्चों के साथ लक्ष्मी गेट मोहल्ले में रहती थी। मृतका की बड़ी बेटी एंजल के मुताबिक, रात करीब 9 बजे रोहित वाल्मीकि शराब लेकर घर आया। इसके बाद संगीता, रोहित और रविंद्र बेडरूम में चले गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। बच्चों को किराएदार महिला के पास भेज दिया गया।
मारपीट और चीख-पुकार के बीच मौत
करीब एक घंटे बाद बच्चे जब वापस आए, तो बेडरूम से मारपीट और संगीता की चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं। संगीता दर्द में अपनी बेटी एंजल को पुकार रही थी। डरी हुई एंजल ने दरवाजा खटखटाया, तब रोहित ने थोड़ा सा दरवाजा खोलकर उसे 100 रुपये देकर बाहर जाने को कहा, लेकिन एंजल ने पैसे लेने से मना कर दिया। इसके बाद रोहित ने फिर से दरवाजा बंद कर लिया और मारपीट जारी रही।
डायल 112 पर कॉल के बाद खुला राज
घबराई हुई एंजल ने मकान की दूसरी मंजिल पर किराएदार शकुंतला को पूरी घटना बताई। शकुंतला ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद शकुंतला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का नजारा दिल दहला देने वाला था।
संगीता की लाश बेड पर, आरोपी मौके पर मिले
पुलिस ने दरवाजा खोला तो संगीता की लाश बेड पर पड़ी हुई थी। बॉयफ्रेंड रोहित वहीं बैठा था, जबकि पति रविंद्र सोफे पर लेटा हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।