Jhansi: साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, ऑनलाइन गेमिंग के बहाने करते थे ठगी
साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा, गेमिंग की आड़ में चल रहा था फर्जीवाड़ा
झांसी: उत्तर प्रदेश के जनपद झांसी में एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में झांसी पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के जरिए साइबर ठगी करने वाले एक बड़े संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। प्रेमनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आरोपिताें से जुड़े 500 से अधिक यूएसडीटी अकाउंट में करीब 403 करोड़ रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पांच से अधिक संदिग्ध यूएसडीटी अकाउंट सीज कराए हैं। गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने यह खुलासा शुक्रवार को किया है।
आईपीएस अरीबा नोमान ने बताया कि पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि गिरोह के सदस्य बैंक से लोन दिलाने के नाम पर सीधे-साधे लोगों के बैंक खाते खुलवाते अथवा अपने कब्जे में ले लेते थे। इसके बाद इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग के जरिए की गई साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। इस तरह बैंक खाताधारकों को लालच देकर उनके खातों को साइबर अपराध के नेटवर्क में शामिल किया जाता था।
इस संबंध में मिली 325 से अधिक शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी विकास कुमार ने प्रेमनगर पुलिस को संगठित गिरोह की पड़ताल कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाई तो साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े कई बैंक खातों और यूएसडीटी अकाउंट की जानकारी सामने आई। लेनदेन की रकम देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
पुलिस ने ईसाई टोला प्रेमनगर निवासी दीपक वर्मा उर्फ सत्यम, झांसी होम्स के सामने महादेव टाइल्स निवासी अदनान हुसैन और आदिल हुसैन, कृष्णा नगर कॉलोनी प्रेमनगर निवासी जानपाल, सुमेर नगर निवासी अभिषेक चौधरी तथा लहर गिर्द निवासी अर्चित अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से सात कीमती मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई है। डायरी में कथित तौर पर लेनदेन का विस्तृत हिसाब-किताब दर्ज था।
पुलिस के अनुसार गिरोह के फरार सदस्यों अरमान, अर्श शेख और मोहम्मद फैज, सभी निवासी गाड़िया फाटक, प्रेमनगर, की तलाश की जा रही है। मामले का खुलासा आईपीएस अरीबा नोमान ने किया। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, बैंक खातों और करोड़ों रुपये के डिजिटल लेनदेन से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।