Jaunpur: एनएसएस स्वयंसेवकों ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली में किया जागरूक
"पांचवें दिन सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता रैली निकाली गई"
जौनपुर: सल्तनत बहादुर महाविद्यालय, बदलापुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता रैली निकाली गई।
कोतवाल ने दी यातायात नियमों की जानकारी: रैली से पूर्व बदलापुर कोतवाल मनोज कुमार पाण्डेय ने शिविर को संबोधित किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी और कहा, "पहले खुद जागरूक बनें, फिर दूसरों को जागरूक करें।" इसके बाद उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यातायात नियमों का पालन न करने वालों को गुलाब भेंट कर दी सीख
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने यातायात सुरक्षा से जुड़े पोस्टर और तख्तियां लेकर नारे लगाए। मुख्य राजमार्ग पर पहुँचकर हेलमेट न पहनने वाले, सीट बेल्ट न लगाने वाले, एक बाइक पर तीन सवारियों के बैठने और गलत दिशा में चलने वाले वाहन चालकों को रोककर गुलाब का फूल भेंट किया और उन्हें आगे से नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।
बौद्धिक एवं सांस्कृतिक सत्र में विचार-विमर्श और प्रस्तुति
रैली के बाद बौद्धिक और सांस्कृतिक सत्र आयोजित किया गया। हिंदी विभाग के प्राध्यापक डॉ. रोहित सिंह ने बौद्धिक संगोष्ठी को संबोधित किया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन और आभार व्यक्त
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुमताज अहमद अंसारी ने किया, जबकि आभार ज्ञापन डॉ. पवन सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. जोरावर सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. तमन्ना नाज सहित कई अन्य शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।