दस्यु प्रभावित छवि से बाहर निकला जालौन, विकास को मिली नई उड़ान

Update: 2026-07-25 15:06 GMT

जालौन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जालौन जिले को बड़ी सौगात देते हुए 1275 करोड़ रुपये की 375 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उरई के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी दस्यु समस्या और पिछड़ेपन के लिए पहचाना जाने वाला जालौन अब विकास, निवेश और औद्योगिक संभावनाओं के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की तस्वीर तेजी से बदल रही है और आज यह क्षेत्र नई पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले की सरकारों की नीतियों के कारण बुंदेलखंड को सूखा, पलायन और अपराध जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। लेकिन वर्तमान सरकार ने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि आज बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, बेहतर सड़क नेटवर्क और औद्योगिक परियोजनाओं के कारण जालौन समेत पूरे क्षेत्र में बदलाव दिखाई दे रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि अब जालौन बीहड़ और दस्यु प्रभावित क्षेत्र के रूप में नहीं, बल्कि उद्योगों और रोजगार के अवसरों वाले क्षेत्र के रूप में पहचाना जा रहा है। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिसे बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीडा) के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसकी कनेक्टिविटी में जालौन की अहम भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण बुंदेलखंड निवेशकों की पसंद बन रहा है। एक्सप्रेसवे और फोरलेन सड़कों ने क्षेत्र को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने का काम किया है। इससे उद्योगों की स्थापना के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कालपी के हस्तनिर्मित कागज की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जालौन की पारंपरिक कला और उद्योग को वैश्विक पहचान मिल रही है। कालपी का हैंडमेड पेपर जीआई टैग मिलने के बाद अमेरिका, कनाडा, जर्मनी, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों तक पहुंच बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह जालौन की समृद्ध विरासत और स्थानीय कारीगरों की मेहनत का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों में बुंदेलखंड के संसाधनों का सही उपयोग नहीं हुआ और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार हावी रहा। उन्होंने दावा किया कि अब सरकार का पैसा सड़क, पेयजल, किसानों और युवाओं के हित में खर्च किया जा रहा है। उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सीएम योगी ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पेयजल और सड़क परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उरई नगर पालिका सहित कई क्षेत्रों में जलापूर्ति योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध से जुड़े लोगों की 600 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि झांसी और चित्रकूट में विकसित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर तथा अन्य औद्योगिक परियोजनाओं का लाभ जालौन को मिलेगा। यहां आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े डेटा सेंटर क्लस्टर विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में रोजगार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि और प्रमाण पत्र भी वितरित किए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को करोड़ों रुपये की सहायता, आवास योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बुंदेलखंड को आत्मनिर्भर और विकसित क्षेत्र बनाना है। जालौन में हो रहे विकास कार्य आने वाले समय में जिले की आर्थिक और औद्योगिक तस्वीर को पूरी तरह बदल देंगे। उन्होंने कहा कि अब यह क्षेत्र पिछड़ेपन की नहीं, बल्कि विकास और संभावनाओं की नई कहानी लिख रहा है।

Tags:    

Similar News