गर्मी से आंतों में संक्रमण ,डायरिया के बढ़े मरीज

Update: 2024-05-08 13:04 GMT
फिरोजाबाद : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में भयंकर उमस वाली गर्मी अब आंतों पर हमला कर रही है। डायरिया, लिवर सूजन और बुखार का प्रकोप भी लोगों को सता रहा है। पेट दर्द से मरीज परेशान हो रहे हैं, बीमार होने वालों में बच्चों की संख्या अधिक है। अस्पताल में आने वाले 40 फीसदी मरीज इस बीमारी से पीड़ित हैं।
बुधवार को अस्पताल की इमरजेंसी और वार्ड मरीजों से फुल रहे। वहीं, ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ रही। फिजिशियन डॉ. वरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि अस्पतालों की ओपीडी में आने मरीजों में से करीब 40 फीसदी मरीज पेट की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं।
इन रोगियों की आंतों में संक्रमण हो रहा है और डायरिया की वजह से शरीर में पानी और नमक की कमी हो रही है। प्राइवेट अस्पतालों की इमरजेंसी में ऐसे 20-30 मरीज रोज भर्ती हो रहे हैं। डायरिया के बाद लिवर सूजन वाले मरीज भी बढ़े हैं। ऐसे अधिकांश मरीज बाहर के अस्पतालों में ही उपचार करा रहे हैं।
ऐसे करें बचाव
दो तीन घंटे बाहर रहना हो तो पानी साथ ले जाएं।
पानी खूब पीयें, शरीर में पानी की कमी न होने दें।
शिकंजी बनाकर पीयें तो बेहतर है।
बासी खाना न खाएं, सादा खाना लें।
पैक्ड खाना न लें, खुले बिक रहे खाद्य पदार्थ से बचें।
बच्चों को पहला दस्त होने के बाद ओआरएस घोल दें।
गर्मी बढ़ने से आंत के संक्रमण और डायरिया के मरीज बढ़े
गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही आंत के संक्रमण और डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अस्पतालों में ऐसे मरीजों के लिए पर्याप्त दवाएं हैं। रोगियों की संख्या बढ़ने पर स्टाफ को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
Tags:    

Similar News