Indirapuram: युवक-युवती ने सैलून में घुसकर किया हंगामा, मुकदमा दर्ज
"पुलिस ने युवक-युवती को मुकदमे में नामजद करते हुए जांच शुरू की"
इंदिरापुरम: अहिंसा खंड दो स्थित एडम एंड ईव फैमिली सैलून की संचालिका दीपिका सिरोही ने अपने पूर्व कर्मचारी आतिफ और संध्या के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि नौकरी से निकाल दिए जाने के बाद दोनों उनके सैलून में जबरन दाखिल हुए और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद काफी देर तक हंगामा काटते हुए गाली-गलौज भी की। पुलिस ने युवक-युवती को मुकदमे में नामजद करते हुए जांच शुरू की है।
पुलिस को दी तहरीर में दीपिका ने बताया कि फरवरी 2024 में उनके सैलून पर संध्या नाम की एक युवती काम मांगने आई थी। उन्होंने उसका कमीशन तय कर नौकरी दे दी। पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे तब केवल युवती ने अपना मोबाइल नंबर दिया साथ ही खुद को मथुरा का रहने वाला बताया। कुछ दिन बाद वह मुरादनगर के रहने वाले आतिफ को अपने साथ लेकर सैलून पहुंची और उसे नौकरी पर रखने का निवेदन किया। आतिफ ने भी केवल अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराया और खुद को मुरादनगर के ईदगाह इलाके का रहने वाला बताया। कारीगर की जरुरत होने की वजह से उन्होंने भी उसे काम पर रख लिया। बताया कि दोनों ने न तो एग्रीमेंट किया और न ही आधार कार्ड दिया। बताया कि कुछ समय बाद उन्होंने दोनों को बदलते व्यवहार को देखते हुए काम से निकाल दिया। 15 जनवरी 2025 को दोनों का हिसाब भी कर दिया। आरोप है कि 18 मार्च को ये दोनों सैलून पर आए हंगामा करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद धमकी देकर चले गए। 19 मार्च को आतिफ फिर से कुछ साथियों को लेकर सैलून में आया और जान से मारने की धमकी दी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।