इंदिरापुरम: अहिंसाखंड एक स्थित एटीएस एडवांटेज निवासी त्रिवेश कुमार की मां उर्मिला देवी को मछली पालन के कारोबार में मुनाफा कमाने का झांसा देकर उनसे 17.50 लाख की ठगी की गई। राजनगर विस्तार स्थित ब्लॉक एफ के टावर नंबर 18 निवासी अजीत सिंह राजपाल और मध्य प्रदेश के मुरैना स्थित आदर्श कॉलोनी निवासी जमील खां ने खुद को फिश फॉर्च्यून प्रोड्यूस कंपनी का निदेशक बताया। मछली पालन में 17.50 लाख रुपये का निवेश करने पर मुनाफा बतौर 35 लाख रुपये देने का लालच दिया। चार साल बाद भी रकम न देने पर त्रिवेश ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

त्रिवेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 2019 में अजीत सिंह और जमील खां समेत करीब पांच लोग उनके फ्लैट पर पहुंचे थे। उन्होंने खुद को कंपनी का निदेशक बताया। आरोपियों ने बुलंदशहर के शिकारपुर में 50 बीघा जमीन लीज पर लेकर मछली पालन कराने की बात कही। बातों के जाल में फंसकर उन्होंने मां उर्मिला देवी को 17.50 लाख रुपये निवेश करने के लिए कहा और चार साल में मुनाफा मिलाकर 35 लाख रुपये वापस करने का झांसा दिया। 2023 में जब आरोपियों ने रुपयों के लिए संपर्क किया तब आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने न मूल रकम वापस की और न ही मुनाफा मिलाकर तय की गई 35 लाख की रकम दी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश के लिए उनके नंबर ट्रेस किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Tags: