Indirapuram: प्रॉपर्टी डील में धोखाधड़ी, 17 लाख की चपत
रंगदारी मांगने का आरोप
इंदिरापुरम: कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली में रहने वाले व्यक्ति के साथ संपत्ति के नाम पर 17 लाख की धोखाधड़ी और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित ठाकुर अश्विनी सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मोहन नगर में उनका प्लॉट है। 2017 में कासिम निवासी दिल्ली, अमीश और अभिषेक निवासी धनबाद ने उनसे प्लॉट का सौदा किया था। तीन करोड़ रुपये एडवांस देने की बात तय हुई थी। लेकिन तय समय तक आरोपी पैसे नहीं दे पाए। इसके बाद तीनों आरोपियों ने 2022 में उनसे फिर संपर्क किया और अपने 17 लाख रुपये के बदले उक्त प्लॉट के कुछ हिस्से की रजिस्ट्री करने को कहा। प्लॉट की कीमत करीब 27 लाख रुपये निकली, रजिस्ट्री के दौरान 10 लाख रुपये देने की बात कही। प्लॉट की रजिस्ट्री के दौरान दो बार चेक दिए गए, जो बाउंस हो गए।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने 17 लाख रुपये वापस देने पर रजिस्ट्री वापस करने की बात कही। आरोपियों ने उनसे 17 लाख रुपये वापस ले लिए। उन्होंने रजिस्ट्री के कागजात मांगे, तो आरोपियों ने उनसे आतंकवादी को अपना दोस्त बताकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगनी शुरू कर दी। इंदिरापुरम एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर थाना कौशांबी में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।