Noida नोएडा : नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज आवासीय सोसायटियों में इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) चार्जिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशंस (NOFAA) ने जिला प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की। NOFAA के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मेधा रूपम से शिष्टाचार भेंट कर सोसायटियों से जुड़े कई नागरिक और प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की।
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा हाईराइज सोसायटियों में ईवी चार्जिंग व्यवस्था को लेकर रहा। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के सामने मांग रखी कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा की आवासीय सोसायटियों के लिए एक स्पष्ट और एक समान ईवी चार्जिंग नीति तैयार की जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह के विवाद और सुरक्षा संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।
NOFAA के महासचिव सुरोजीत दासगुप्ता ने सुझाव दिया कि ईवी चार्जिंग नीति तैयार करने के लिए एक संयुक्त कार्य समिति (जॉइंट वर्किंग कमेटी) का गठन किया जाना चाहिए। इस समिति में जिला प्रशासन, नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग, बिजली वितरण कंपनियों और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाए।
उन्होंने कहा कि हाईराइज सोसायटियों में ईवी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने को लेकर सुरक्षा मानकों और तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक व्यवस्थित नीति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा तैयार किए गए दिशा-निर्देश सभी सोसायटियों में समान रूप से लागू किए जा सकेंगे।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि ईवी चार्जिंग नीति को लेकर संयुक्त कार्य समिति के गठन पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि सोसायटी निवासियों को बेहतर और सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में NOFAA की ओर से पुरानी हाईराइज सोसायटियों में ईवी चार्जिंग को लेकर आ रही समस्याओं का मुद्दा भी उठाया गया। महासचिव सुरोजीत दासगुप्ता ने बताया कि कई पुरानी सोसायटियों में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) और निवासियों के बीच ईवी चार्जिंग व्यवस्था को लेकर मतभेद सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीति नहीं होने के कारण अलग-अलग सोसायटियों में अलग-अलग नियम लागू किए जा रहे हैं। यदि प्रशासन जल्द एक समान दिशा-निर्देश जारी करता है तो विवादों को कम किया जा सकेगा और लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अधिक सुरक्षित तरीके से अपना सकेंगे।
इसके अलावा NOFAA प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी (वित्त) अजीत सिंह से भी मुलाकात की। इस दौरान हाईराइज सोसायटियों से जुड़े अन्य नागरिक और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने सोसायटी निवासियों की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा और उनके समाधान की मांग की।
NOFAA के अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने दोनों बैठकों को सकारात्मक और सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने सोसायटी निवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और NOFAA के संयुक्त प्रयासों से ऐसे समाधान तैयार होंगे, जिनसे नोएडा और ग्रेटर नोएडा की लाखों आबादी को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हाईराइज सोसायटियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन और निवासियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। ईवी चार्जिंग नीति जैसे विषयों पर समय रहते निर्णय लेने से भविष्य की चुनौतियों को कम किया जा सकता है।