उत्तर प्रदेश: मानसून सक्रिय होने के साथ मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार 2 जुलाई से 8 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में पूरे सप्ताह लगातार बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। 2 से 8 जुलाई तक कई जिलों में भारी वर्षा के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान मौसम पूरी तरह सक्रिय रहेगा और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 2 जुलाई को कई जगहों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 3 और 4 जुलाई को वज्रपात और मेघगर्जन का खतरा बना रहेगा।
5 से 7 जुलाई के बीच पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।