बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शादी का दबाव बनाने पर एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र की शिवलोक कॉलोनी में मंगलवार रात हुई। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
पुलिस के अनुसार, गांव नेहरूपुर निवासी अजीत पिछले करीब आठ महीने से शिवलोक कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा था। वह पॉटरी इकाइयों में ठेकेदारी का काम करता है। उसका गांव नेहरूपुर निवासी 35 वर्षीय बेबी के साथ लगभग तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बेबी विवाहित थी और उसके चार बच्चे हैं।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को बेबी आरोपी अजीत के किराये के मकान पर पहुंची थी। वहां उसने अजीत से शादी करने की बात कही। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान अजीत ने चाकू से बेबी पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटें लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरे किरायेदार ने दी घटना की सूचना
वारदात के समय मकान में मौजूद एक अन्य किरायेदार ने घटना की जानकारी मकान मालिक को दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी अजीत को हिरासत में लेने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव रखकर जीटी रोड पर लगाया जाम
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद बेबी का शव गांव नेहरूपुर लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
हंगामे की सूचना पर सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री और खुर्जा नगर कोतवाली प्रभारी रामफल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और जाम खोला गया।
पति की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
मृतका के पति पंकज उर्फ बंते की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अजीत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हिरासत में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी करीब दस वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थी और वह तभी से अकेला रह रहा था। अजीत ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका बेबी के साथ तीन साल से संबंध था। मंगलवार को शादी की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
बेबी की दो बेटियां और दो बेटे हैं। बड़ी बेटी का नाम नेहा है। उससे छोटा बेटा युग, फिर बेटी परी और सबसे छोटा बेटा अंश है। मां की हत्या के बाद चारों बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शादी का दबाव बनाने को लेकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।