Kanpur में गर्मी ने बढ़ाई मुश्किलें, इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज

न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

Update: 2025-04-21 10:43 GMT

कानपुर:  सीजन में पहली बार अप्रैल में ही शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह 26.4 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

शहर में सुबह से ही लोगों को गर्म हवाओं ने परेशान किया। छुट्टी होने के चलते शहर की सड़कों पर लोग कम निकले। धूप में निकलने वाले लोगों को गर्मी ने बेहाल कर दिया। तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से परेशान लोग छांव तलाशते रहे। 10.7 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं ने गर्म थपेड़ों का काम किया। अप्रैल के मध्य में ही अधिकतम पारा 40 पर पहुंच गया है। लोग बातें करते रहे कि यही हाल रहा तो मई-जून में क्या होगा।

आमतौर पर गर्मी में शहर का अधिकतम पारा 45, 46 तक ही जाता है लेकिन इस बार यह रिकार्ड टूटने के आसार हैं। सीएसए विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है। आगामी पांच दिनों में आसमान साफ रहने की संभावना है। 25 अप्रैल तक उष्ण लहर, तेज धूप, लू चलने की प्रबल संभावना है। मौसम वैज्ञानिक ने तेज गर्मी में बुजुर्ग, बच्चों व रोगियों को घर से कम निकलने की सलाह दी है।

Tags:    

Similar News