Badaun बदायूं : बदायूं में स्वास्थ्य व पुलिसकर्मी एक बार फिर मोर्चरी में शव रखकर भूल गए। 24 जून को इलाज के दौरान जिला अस्पताल में युवक की मौत हो गई।
शव जिला अस्पताल की मोर्चरी रखवा दिया था। शनिवार सुबह शव की दुर्गंध फैलने से स्वास्थ्य कर्मियों को पता चला। आनन फानन परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया। कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव गुरई बदरपुर निवासी राजीव कुमार सिंह (40 वर्ष) पुत्र कृपाल सिंह मानसिक रोग से पीड़ित थे। उनका बरेली के एक अस्पताल से इलाज चल रहा था। परिजनों ने बताया कि 25 दिन पूर्व राजीव घर से बाहर गए, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।