Greater Noida: अज्ञात चोरों ने दरोगा के मकान समेत कई घरों में चोरी की

"नकदी और जेवरात लेकर चोर फरार"

Update: 2025-06-06 12:08 GMT

ग्रेटर नोएडा; जिले में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला थाना सूरजपुर और थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक दरोगा के निर्माणाधीन मकान समेत कई घरों को निशाना बनाया। चोर नकदी, मोबाइल फोन, कीमती जेवरात और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने संबंधित मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना सूरजपुर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित पवन कुमार, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं और वर्तमान में मुरादाबाद जनपद में तैनात हैं, ओमीक्रान-3 में अपना मकान बनवा रहे हैं। उनकी शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोरों ने निर्माणाधीन मकान से वायरिंग में इस्तेमाल होने वाले करीब 42 बंडल तार चोरी कर लिए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार रुपये है।

इसी थाना क्षेत्र के राशीद कॉलोनी निवासी सुखबीर शर्मा ने भी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनके अनुसार, अज्ञात चोरों ने उनके घर से दो मोबाइल फोन और लगभग 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

वहीं, थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के कुलेसरा कॉलोनी निवासी संजीव कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हुई है। संजीव कुमार कुछ समय के लिए घर से बाहर गए थे और घर पर ताला नहीं लगाया था। जब वह लौटे तो देखा कि घर से कीमती सामान गायब था।

थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Tags:    

Similar News