AIMIM प्रमुख ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने के मामले में एक्शन, CO पद से हटाए गए
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गलती से 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिए जाने के मामले में कार्रवाई हुई है. जांच के बाद सोमवार को सदर क्षेत्राधिकारी (CO) पवन कुमार को उनके पद से हटा दिया गया है.
सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (देहात) मयंक पाठक ने बताया कि पवन कुमार को सदर सीओ के पद से हटाकर क्षेत्राधिकारी (ट्रैफिक) के पद पर तैनात किया गया है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है और घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एसपी देहात ने बताया कि इस घटना से जुड़े वीडियो और पोस्ट हटाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' को पत्र भेजा गया है.
शनिवार को सहारनपुर के सर्किट हाउस में पुलिसकर्मियों ने गलती से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया था. दरअसल, सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक जज के पहुंचने की सूचना थी. उनके स्वागत के लिए पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की थी. जवान भी इसी के लिए तैनात थे. लेकिन जज से पहले ओवैसी सर्किट हाउस पहुंच गए. पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही जज समझ लिया और सलामी दे दी.
ओवैसी के साथ उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे. उन्हें देखकर पुलिस के जवान गलतफहमी में आ गए. उन्होंने ओवैसी को ही वह व्यक्ति समझ लिया, जिनके लिए गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की गई थी. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी दे दी. ओवैसी ने भी खड़े होकर सलामी ली. इस दौरान पुलिसकर्मी पूरे सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देते नजर आए. इसी भूल के बाद मामले की जांच शुरू की गई और सोमवार को अधिकारी का तबादला कर दिया गया.