गोरखपुर: सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक किशोर की जान ले गया। गीडा थाना क्षेत्र के पिपरौली बाजार निवासी 17 वर्षीय राज वर्मा गुरुवार को दोस्तों के साथ राप्ती नदी में नहाने गया था। रील बनाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। शुक्रवार सुबह उसका शव घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर बरहुआ गांव के पास बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, राज वर्मा गुरुवार को अपने मोहल्ले के साथियों के साथ कालेसर जीरो प्वाइंट पर राप्ती नदी के घाट पर नहाने गया था। वहां दोस्तों के साथ मस्ती करते हुए वह रील बनाने लगा और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में चला गया। दोस्त कुछ समझ पाते, उससे पहले वह डूब चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही राज के पिता गुल्लू वर्मा मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से देर शाम तक तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और चार किलोमीटर दूर बरहुआ गांव के किनारे से राज का शव बरामद किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राज के पिता गुल्लू वर्मा फेरी लगाकर बर्तन बेचते हैं। राज चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मां की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ा भाई विकास परिवार के साथ रहता है।

शव मिलने की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पिता, भाई और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी घटना को लेकर शोक की लहर है।

Tags: