गोंडा: कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बालपुर जाट गांव में रविवार रात कार सवार युवकों ने ग्राम प्रधान के घर में घुसकर उनके बेटे की पिटाई कर दी। शोरगुल सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो युवक असलहा लहराते हुए भागने लगे। ग्रामीणों ने तीन युवकों को एक कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी, जबकि डायल 112 की टीम ने भाग रहे एक युवक को रास्ते में दबोच लिया।

ग्राम प्रधान का आरोप – रंजिश के तहत हमला

ग्राम प्रधान राजकुमार यादव के मुताबिक, गांव के ही आदर्श कोहली, आदेश कोहली और ऋषिकेश कोहली चार अन्य लोगों के साथ कार से उनके घर आ धमके। आरोपियों ने असलहा लहराते हुए घर में तोड़फोड़ की और उनके बेटे शानू की बेरहमी से पिटाई कर दी।

गांववालों के इकट्ठा होते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन तीन युवक घर के कमरे में फंस गए। ग्रामीणों ने कमरे की कुंडी बंद कर दी और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरा खोलकर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। डायल 112 की टीम ने एक अन्य भाग रहे युवक को रास्ते में पकड़ा, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए।

पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

कोतवाली पुलिस ने ग्राम प्रधान की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध तमंचा और कार भी बरामद की। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी से हो रही थी अश्लील पोस्ट

ग्राम प्रधान ने एक और गंभीर आरोप लगाया कि आरोपी आदेश कोहली ने उनकी बेटी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बना रखी थी और उस पर अश्लील कंटेंट पोस्ट कर रहा था। इस बारे में उन्होंने क्राइम ब्रांच में शिकायत की थी।

शिकायत के बाद आरोपी ने उनके बेटे को धमकी दी थी कि 24 घंटे में अंजाम भुगतना पड़ेगा। इसके अगले ही दिन युवकों ने घर पर हमला कर दिया।

फिलहाल, पुलिस ने गिरफ्तार चार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और फरार युवकों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags: