Gonda: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल हुआ
"उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया"
गोंडा: कौड़िया थाना क्षेत्र में डीसीएम चालक को गोली मारने के मुख्य आरोपी और 25 हजार के इनामी बदमाश कप्तान सिंह उर्फ भूपेंद्र को पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
डीसीएम चालक पर गोली चलाने का आरोपी था फरार
यह घटना 28 मार्च को हुई थी, जब कौड़िया से स्क्रैप लादकर पंजाब जा रहे डीसीएम चालक छेदीलाल को कटरा-करनैलगंज मार्ग पर बदमाशों ने गोली मार दी थी। इस हमले में छेदीलाल घायल हो गया था और जांच में वारदात के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद सामने आया था। पुलिस पहले ही इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी कप्तान सिंह फरार था। एसपी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था और उसकी तलाश में कौड़िया पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था।
मुठभेड़ में हुआ गिरफ्तार
सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि कप्तान सिंह बाइक से भेड़वा घाट की ओर आ रहा है। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
पुलिस टीम की सफलता
इनामी बदमाश को पकड़ने वाली पुलिस टीम में कौड़िया थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद्र कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी संजय कुमार गुप्ता, सर्विलांस प्रभारी अनुज त्रिपाठी, एसआई सुनील कुमार तिवारी, धर्मेंद्र कुमार, सुनील कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अमित पाठक, हृदय नारायण दीक्षित, रणधीर सिंह, रवि, अमितेश सिंह, अंशुमान पांडेय और आदित्य पाल शामिल थे।
कप्तान सिंह पर दर्ज हैं 16 मुकदमे
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि कप्तान सिंह उर्फ भूपेंद्र पर जिले के विभिन्न थानों में कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह वजीरगंज थाना क्षेत्र के सेहरिया गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।