गाजीपुर: भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के कौला गांव में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान गांव निवासी नंदन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की अचानक मौत से परिवार और ग्रामीण हैरान हैं। बताया जा रहा है कि युवक का एक दिन पहले अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भुड़कुड़ा पुलिस मामले की संदिग्ध परिस्थिति को देखते हुए हर पहलू से जांच में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।