Ghaziabad: चोरी के शक में हुई पिटाई से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
गाजियाबाद: विजयनगर क्षेत्र के कुछ लोग बृहस्पतिवार को घायल युवक को लेकर एमएमजी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने घायल की हालत गंभीर बताई तो भीड़ मौके से खिसक गई। उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई। अस्पताल में चर्चा है कि कुछ लोगों ने चोरी के संदेह में युवक की पिटाई कर दी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने पिटाई से मौत होने की बात से इन्कार किया है।
एमएमजी अस्पताल से नगर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई कि कुछ लोगों ने गंभीर हालत में एक अज्ञात युवक को इमरजेंसी में भर्ती कराया है। युवक की हालत काफी गंभीर है। ऐसे में उन्होंने घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे लोगों की बाबत जानकारी जुटाई तो कोई नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात युवक की पहचान कराने का प्रयास किया। पुलिस ने आसपास के थानों में सपंर्क किया तो युवक की पहचान नईम निवासी विजयनगर के रूप में हुई।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि घायल युवक की पहचान कर ली गई है। घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी उनके पास कोई ऐसी शिकायत नहीं आई है।