गाजियाबाद में पांचवीं मंजिल से कूदकर महिला ने दी जान, पुलिस ने शुरू की जांच
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश। गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 अगस्त 2026 को नंदग्राम थाना पुलिस को सूचना मिली कि राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-2 सोसायटी में रहने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान हिमिका अग्रवाल, पुत्री राकेश चंदर अग्रवाल के रूप में हुई है। वह सोसायटी की पांचवीं मंजिल पर रहती थीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले महिला किसी तनाव या परेशानी से गुजर रही थीं या नहीं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में र खकर की जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी। घटना के बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।