Ghaziabad: इंदिरापुरम पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर 5 को दबोचा
11 दोपहिया वाहन बरामद
गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों में शामिल पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ये सभी दोपहिया वाहनों को बड़ी आसानी से चोरी कर फर्जी कागजात तैयार करके उन्हें बेच दिया करते थे। चुराए गए वाहनों से कमाई गई रकम को आरोपी मौज-मस्ती और ऐशोआराम में खर्च करते थे।
पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि गाजियाबाद, नोएडा और आसपास के इलाकों में सक्रिय वाहन चोरों का एक गिरोह इंदिरापुरम क्षेत्र में किसी बड़ी चोरी की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब इनके बाकी साथियों की तलाश में जुट गई है और साथ ही यह भी जांच कर रही है कि अब तक ये वाहन किन-किन लोगों को बेच चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और चार स्मार्ट चाबियां बरामद की हैं, जिनकी मदद से ये वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
इंदिरापुरम पुलिस के इस खुलासे से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर कुछ हद तक लगाम लगने की उम्मीद की जा रही है।