Ghaziabad गाजियाबाद : साहिबाबाद क्षेत्र के वैशाली सेक्टर-5 में बुधवार दोपहर एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि आग फ्रिज में हुए शॉर्ट-सर्किट के कारण लगी।
गनीमत यह रही कि घटना के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फ्लैट से अचानक धुआं उठता देखा गया जिसके बाद लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फ्लैट में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल चुका है।
पड़ोसी रेखा सिंह ने बताया, “हमने देखा कि धुआं निकल रहा है और कुछ ही मिनटों में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। हम सब डर गए और तुरंत बाहर आ गए।” फायर ऑफिसर अरुण कुमार ने बताया, “शुरुआती जांच में फ्रिज में शॉर्ट-सर्किट की आशंका है, हालांकि फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। सौभाग्य से कोई व्यक्ति फ्लैट में नहीं था।”
Tags: