Ghaziabad गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से गाजियाबाद जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष सलीम अहमद (सैफी) के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन में अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी और प्रतिनिधित्व को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। सलीम अहमद सैफी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, समान अवसर और सभी वर्गों की भागीदारी की समर्थक रही है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाना जरूरी है।
सलीम अहमद सैफी ने मांग रखी कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन में अल्पसंख्यक समाज को उसकी आबादी और योगदान के अनुपात में सम्मानजनक स्थान दिया जाए। उन्होंने विशेष रूप से गाजियाबाद जिले से मुस्लिम समाज के योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रदेश संगठन में जिम्मेदारी देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि केवल मुस्लिम समाज ही नहीं, बल्कि सिख, बौद्ध, ईसाई, जैन और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों को भी संगठन में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। सभी वर्गों को साथ लेकर चलने से पार्टी का जनाधार मजबूत होगा और समाज के लोगों का विश्वास भी बढ़ेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी अपनी बात रखी। सलीम अहमद सैफी ने कहा कि चुनावों में अल्पसंख्यक समाज के योग्य, ईमानदार और लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक जिम्मेदारियों में भी समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलने से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के कई कार्यकर्ता लंबे समय से कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी मिलने से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने यह भी जानकारी दी कि अल्पसंख्यक समाज को संगठन और आगामी विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग को लेकर जल्द ही समाज के प्रमुख और जिम्मेदार लोगों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम को विस्तृत ज्ञापन सौंपेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि पार्टी नेतृत्व उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करेगा और संगठन में सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की दिशा में कदम उठाएगा।
मुलाकात के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए जरूरी है कि समाज के हर वर्ग को संगठन में भागीदारी मिले। उन्होंने कहा कि समावेशी राजनीति के माध्यम से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।