Ghaziabad: दुहाई में प्रापर्टी के विवाद में हुई फायरिंग में 50 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
"50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज"
गाजियाबाद: मधुबन बापूधाम क्षेत्र के दुहाई में 22 मार्च की रात दो पक्षों में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में उपनिरीक्षक वीर सिंह ने दोनों पक्ष के 24 नामजद समेत 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शिकायत में उपनिरीक्षक वीर सिंह ने बताया कि 22 मार्च को उन्हें सूचना मिली ग्राम दुहाई में दो पक्ष अंकित त्यागी व सोहित त्यागी के बीच अन्धाधुन्ध फायरिंग हो रही है। क्षेत्र में अफरा तफरी और भय का माहौल है। मौके पर पुलिस फोर्स पहुंची जहां एक पक्ष के मोहित त्यागी, सोहित त्यागी, चिन्टू त्यागी, सैकी त्यागी, अंकित मेहरा, टीटू, अखिल, शुभम, रोहित पंडित व रामजी शुक्ला व अन्य लोग थे और दूसरे पक्ष के अंकित त्यागी, नीरज त्यागी, पिन्टू त्यागी, आशीष त्यागी, सन्नी त्यागी, रितिक, मोनू होण्डा, करणपाल, अजय त्यागी, हिमांशू त्यागी, मनोज, उमेश, अतुल, बबलू व अन्य लोगों के बीच एक-दूसरे को जान से मारने के लिए अन्धाधुन्ध फायरिंग की गई। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भाग गए। आसपास के लोगों ने डर से घरों को बंद कर लिया। पास में ही करीब 100 मीटर पर जागरण का प्रोग्राम था। उसे भी लोगों ने डर के कारण से बन्द कर दिया।
जानकारी करने पर पता चला कि अंकित त्यागी व सोहित त्यागी दोनों पक्ष प्रोपर्टी का काम करते हैं। वर्ष 2023 में दोनों पक्षों में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें मुकदमा मोहित त्यागी ने अंकित त्यागी के पक्ष के सन्नी त्यागी उर्फ राहुल आदि के खिलाफ दर्ज कराया था। ऐसे में दोनो पक्षो में रंजिश है। 22 मार्च की शाम को अंकित त्यागी के पक्ष के सनी त्यागी ने सोहित त्यागी पक्ष के रामजी को मन्दिर पर बुलाया था। रामजी के आने पर सनी त्यागी व ऋतिक त्यागी और अन्य साथियों ने रामजी को बात करने के लिए कार में बैठा लिया और एचआरआईटी कॉलेज के पास सोसायटी में अंकित त्यागी के आॅफिस पर ले गए। वहां उन्हें धमकाया कि बीच में मत आ नहीं तो मारा जाएगा। सोहित त्यागी के साथ कार्य करना बंद कर दे। इसके बाद रामजी को दुहाई में छोड़ दिया। रामजी ने वापस आकर ये बात सोहित त्यागी को बताई तो सोहित त्यागी ने अपने साथियों को लेकर अंकित त्यागी के घेर पर गाली गलौच करते हुए धमकी दी।
अंकित त्यागी इसकी जानकारी मिली तो वो अपने साथ चार पांच बाउंसर व अन्य लोगों को लेकर आ गया और दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। दोनों तरफ से एक दूसरे को जान से मारने के लिए अन्धाधुन्ध फायरिंग की गई। मामले में बाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दे दी लेकिन जांच के आधार पर पुलिस ने अपनी ओर से दोनों पक्षों पर बीएनएस के अंतर्गत समूह बना दंगा करने की धारा 191(2), भूमि के विवाद में दंगा करने की धारा 191(3), समूह के सभी सदस्य जिम्मेदार की धारा 190, हत्या के प्रयास की धारा 109, शांति भंग करने की धारा 352, धमकी देने की धारा 351(2) और कारोबार से वंचित करने की धारा 7 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।