Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: बुलंदशहर में भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। स्कूल से घर लौट रही चौथी कक्षा की छात्रा सड़क किनारे बने नाले में गिर गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, नगरपालिका और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और छात्रा की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया।
मामला बुलंदशहर के भूतेश्वर मंदिर क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बारिश के कारण सड़क किनारे बने नाले में पानी का बहाव तेज हो गया था। इसी दौरान स्कूल से वापस लौट रही छात्रा पानी से भरे नाले में गिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी।
क्षेत्राधिकारी खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे बने नाले में पानी काफी भर गया था। इसी दौरान एक बालिका वहां से गुजर रही थी और पानी अधिक होने के कारण वह नाले में गिर गई। उन्होंने कहा कि छात्रा को तलाशने के लिए नगरपालिका की टीम, गोताखोरों की टीम और अन्य बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अभी तक छात्रा का पता नहीं चल पाया है, लेकिन उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की टीम नाले के आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश कर रही है। भारी बारिश के दौरान शहरों में खुले नाले और जलभराव लोगों के लिए खतरा बन रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के समय ऐसे स्थानों से सावधानीपूर्वक गुजरें और बच्चों को जलभराव वाले इलाकों से दूर रखें।