Firozabad: घरेलू एसी सुधारते समय करंट का झटका बना जानलेवा
पुलिस घटना की जांच कर रही है
फिरोजाबाद: थाना उत्तर क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार शाम करंट लगने से युवक की मौत हो गई। मृतक एसी ठीक करने का काम करता था। पुलिस घटना की जांच कर रही है। थाना उत्तर क्षेत्र के मौहल्ला जैन नगर निवासी शैलेश (30) पुत्र चंदन सिंह एसी ठीक करने का काम करता था। वह सोमवार की शाम घर से एसी ठीक करने की बात कहकर निकला था। वह मोहल्ले के ही एक घर में एसी ठीक कर रहा था तभी छत पर लगे एसी के आउटर यूनिट को ठीक करते समय अचानक उसे जोरदार करंट लग गया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
गृह स्वामी तत्काल शैलेश को उपचार हेतु अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। शैलेश की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दो बेटियों का पिता था। थाना उत्तर प्रभारी संजुल पांडेय का कहना है प्रारंभिक जांच में करंट लगने से युवक की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।