ऊपरी मंजिल पर लगी आग से मचा हड़कंप परिवारों को निकालने में जुटी टीमें
हापुड़ में आग का तांडव फ्लैट
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार सुबह एक फ्लैट में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद इमारत की ऊपरी मंजिलों पर कई लोगों के फंसे होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
यह घटना दिल्ली रोड स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के भवनों में हुई। आग लगने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धुआं भरने के कारण ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हुई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ फ्लैटों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया। पुलिस की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि आग बढ़ने के बाद एक 16 वर्षीय किशोर ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं एक बच्ची के भी झुलसने की जानकारी सामने आई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
फायर ब्रिगेड के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऊपरी मंजिल तक पानी पहुंचाने और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की रही। बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटा हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। राहत और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान और प्रभावित लोगों की संख्या की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।